मुंबई: मशहुर गायिका लता मंगेशकर को कोरोना हो गया है और उन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बता दें कि लता मंगेशकर को मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। भतीजी रचना ने एएनआई को बताया है कि, लता दीदी को कोरोना हो गया है और उनमें हल्के लक्षण हैं। उम्र को देखते हुए एहतियात के तौर पर उन्हें आईसीयू में भर्ती कराया गया है।
लता मंगेशकर को इससे पहले नवंबर 2019 में सांस लेने में तकलीफ की शिकायत के बाद अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उस समय मंगेशकर की छोटी बहन उषा ने कहा था कि गायिका को वायरल संक्रमण है। उन्होंने पिछले साल सितंबर में अपना 92वां जन्मदिन अपने परिवार के साथ मनाया था।
बता दें कि लता मंगेशकर को एक गायिका के रूप में जाना जाता है। वह भारतीय हिंदी सिनेमा की प्रमुख गायिकाओं में से एक हैं। आज वह 92 साल की हो गई हैं। उन्होंने अपने करियर में हजारों गाने गाए हैं। उन्हें भारत रत्न से नवाजा जा चुका है। हिन्दी संगीत जगत में उन्हें ‘लता दीदी’ के नाम से जाना जाता है। लता मंगेशकर ने 980 से अधिक हिंदी फिल्मों के गाने गाए हैं और 20 से अधिक क्षेत्रीय भारतीय भाषाओं में गाया है। लता दीदी को गायन विरासत में उनके घर से ही मिला है। महज 5 साल की उम्र में उन्होंने अपने पिता से संगीत की शिक्षा लेनी शुरू कर दी थी।