By: रवि भूतड़ा
बालोद: कलेक्टर जनमेजय महोबे ने कहा कि असामयिक वर्षा से धान को भींगने से बचाव हेतु धान उपार्जन केंद्रों एवं संग्रहण केंद्रों में पर्याप्त केप कव्हर की व्यवस्था व पानी के निकासी हेतु ड्रेनेज की व्यवस्था सुनिश्चित करें। धान खरीदी केन्द्रों के नोडल अधिकारी, सेक्टर अधिकारी, एसडीएम, तहसीलदार, नायब तहसीलदार, पटवारी धान उपार्जन केंद्रों व संग्रहण केंद्रों का निरीक्षण कर जायजा लें और किसी भी प्रकार की समस्या हो तो उसका जिम्मेदारीपूर्वक तत्काल निराकरण कराएं। श्री महोबे ने संयुक्त जिला कार्यालय के सभाकक्ष में आयोजित समय सीमा की बैठक में निर्देशित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि उपार्जन केन्द्रों में किसानों के द्वारा विक्रय हेतु लाए गए धान भी नही भींगना चाहिए। उन्होंने कहा कि धान खरीदी कार्य शासन की महत्वपूर्ण कार्य है। इसमें लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। कलेक्टर श्री महोबे ने कहा कि असामयिक वर्षा से फसलों को हुए नुकसान का मौके पर क्षति आंकलन कर क्षतिपूर्ति हेतु आवश्यक कार्रवाई करें। उन्होंने कृषि विभाग एवं उद्यानिकी विभाग के अधिकारियो से असामयिक वर्षा से फसलों पर होने वाले प्रभाव की जानकारी ली। उन्होंने राजस्व अधिकारियों से कहा कि लोक सेवा गारंटी अधिनियम के प्रकरणों का समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित करें। उन्होंने चिटफंड कंपनी से मुआवजा राशि निवेशकों को वापस दिलाने हेतु की जा रही कार्यवाही की प्रगति की जानकारी ली और आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने श्री धनवंतरी दवा योजना (सस्ती दवा दुकान) और शहरी स्लम स्वास्थ्य योजना के क्रियान्वयन की प्रगति की जानकारी ली और धीमी प्रगति पर नाराजगी व्यक्त कर सभी आवश्यक कार्यवाही शीघ्र करने के निर्देश दिए। उन्होंने मुख्यमंत्री द्वारा जिले में समय-समय पर प्रवास के दौरान की गई घोषणाओं पर किए गए अमल की प्रगति की जानकारी ली। कलेक्टर ने कहा कि गोधन न्याय योजना के तहत गौठानो में गोबर खरीदी कार्य सतत् रूप से जारी रहे। उन्होंने विकासखंडवार क्रय किए गए गोबर से वर्मी कम्पोस्ट उत्पादन की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने चयनित गौठानों में वर्मी कम्पोस्ट उत्पादन के अतिरिक्त अन्य रोजगारमूलक गतिविधियॉ सतत रूप से संचालित करने के निर्देश दिए। बैठक में एडीएम विनायक शर्मा, एसडीएम बालोद जीडी वाहिले, एसडीएम गुण्डरदेही भूपेन्द्र अग्रवाल, एसडीएम डौण्डीलोहारा श्रीमती प्रेमलता चंदेल, एसडीएम गुरूर श्रीमती रश्मि वर्मा, डिप्टी कलेक्टर आरएस ठाकुर, श्रीमती सिल्ली थॉमस, अमित श्रीवास्तव, अभिषेक दीवान, सुब्रत प्रधान, जिला पंचायत के अतिरिक्त मुख्य कार्यपालन अधिकारी हेमंत ठाकुर सहित जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारी, नगरीय निकायों के मुख्य नगर पालिका अधिकारी और विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद थे।