By: रवि भूतड़ा
बालोद: कलेक्टर जनमेजय महोबे अंतर्राष्ट्रीय दिव्यांग दिवस के अवसर पर समाज कल्याण विभाग कार्यालय परिसर में आयोजित जिला स्तरीय कार्यक्रम में जिले के दिव्यांगजनों को शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से लाभान्वित किया। इस अवसर पर उन्होंने दिव्यांगजनों को अंतर्राष्ट्रीय दिव्यांग दिवस की बधाई एवं शुभकामनाए दी।

कलेक्टर श्री महोबे ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि शासन द्वारा दिव्यांगजनों के विकास के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन द्वारा दिव्यांगजनों को पात्रता अनुसार हर संभव मदद दी जाएगी। उन्होंने दिव्यांगजनों को शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओ का लाभ उठाने भी प्रेरित किया।

कलेक्टर ने अंतर्राष्ट्रीय दिव्यांग दिवस के अवसर पर समाज में दिव्यांगता के क्षेत्र में विशिष्ट कार्य किए जाने के लिए 13 दिव्यांगजनों को प्रशस्ति पत्र एवं प्रतीक चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। उन्होंने 12 दिव्यांगजनों को निरामया हेल्थ कार्ड, छह दिव्यांग छात्रों को क्षितिज अपार संभावनाए योजना के अंतर्गत प्रोत्साहन राशि का चेक, एक दिव्यांगजन को सिविल सेवा प्रोत्साहन योजना के अंतर्गत प्रोत्साहन राशि का चेक, दो दिव्यांग दम्पत्तियों को निःशक्तजन विवाह प्रोत्साहन योजना के अंतर्गत प्रोत्साहन राशि का चेक और बीस दिव्यांगजनों को कृत्रिम अंग सहायक उपकरण प्रदाय योजना के अंतर्गत पात्रता अनुसार स्मार्ट फोन, ब्रेल कीट, श्वेत छड़ी, एमआरकीट, बैटरी चलित ट्रायसायकल, सामान्य ट्रायसायकल, बैसाखी, व्हीलचेयर प्रदान कर लाभान्वित किया। इस अवसर पर मंत्री प्रतिनिधि पीयूष सोनी, समाज कल्याण विभाग के उप संचालक नदीम काजी सहित अन्य संबंधित अधिकारी, कर्मचारी व दिव्यांगजन आदि उपस्थित थे।
