एजेंसी
नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर कोविड-19 टीकाकरण का नया रेकॉर्ड बना है। शुक्रवार को शाम करीब 5 बजे तक ही 2 करोड़ से ज्यादा लोगों को कोरोना की वैक्सीन लग चुकी है। आज जिस तेजी से वैक्सीनेशन हो रहा है, उसे देखते हुए 2.5 करोड़ से अधिक डोज लगाई जा सकती हैं। बीजेपी ने मोदी के जन्मदिन पर टीकाकरण की दर को दोगुना करने का लक्ष्य रखा था।
को-विन पोस्ट पर उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार शाम पांच बजकर 10 मिनट तक देशभर में कुल 2,00,41,136 टीकों की खुराक दी गई। देश में अब तक कुल 78.68 करोड़ टीके लगाए जा चुके हैं। एक महीने से भी कम समय में चौथी बार एक दिन में एक करोड़ से अधिक टीके लगाए गए।
भारत को टीकाकरण के 10 करोड़ आंकड़े तक पहुंचने में 85 दिन लगे। इसके बाद अगले 45 दिन में 20 करोड़ तथा इसके 29 दिन बाद 30 करोड़ के आंकड़े पर देश पहुंचा था। वहीं 30 करोड़ से 40 करोड़ के आंकड़े तक पहुंचने में 24 दिन लगे और इसके 20 दिन बाद छह अगस्त को 50 करोड़ के आंकड़े पर पहुंच गए। इसके 19 दिन बाद देश ने 60 करोड़ आंकड़े का तथा इसके महज 13 दिनों बाद 60 करोड़ आंकड़े का लक्ष्य हासिल किया। स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक 13 सितंबर को देश ने टीकाकरण के 75 करोड़ के आंकड़े को पार कर लिया।
एक ही दिन में 2 करोड़ से ज्यादा डोज! देश में शुक्रवार को किस तेजी से वैक्सीनेशन हुआ है, इसका अंदाजा इसी से लगा सकते हैं कि शाम करीब 5 बजे तक ही 2 करोड़ से ज्यादा लोगों को टीका लगाया जा चुका है। इसका मतलब है कि न्यूजीलैंड की पूरी आबादी से 4 गुना से भी ज्यादा।
स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय ने कहा कि राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को वैक्सीन की 77.77 करोड़ से ज्यादा डोज उपलब्ध कराई गई है। राज्यों/केंद्र शासित प्रदेशों के पास अभी वैक्सीन की 6.17 करोड़ से ज्यादा डोज उपलब्ध है।
पीएम मोदी 18 सितंबर को गोवा के हेल्थ वर्कर्स, कैबिनेट मिनिस्टर्स, ऑफिसर्स और पब्लिक से बात करेंगे। गोवा में कोविड वैक्सीनेशन की पहली खुराक का 100% कवरेज पूरा हो हुआ है। उत्तर प्रदेश में कोविड टीकाकरण के लिए पात्र लोगों में से 50 फीसदी को टीकाकवर मिल गया है।
भाजपा ने अपने कार्यकर्ताओं से कहा कि वे कोविड टीकाकरण कार्यक्रम में मदद करें। पार्टी चाहती है कि शुक्रवार को रेकॉर्ड संख्या में टीकाकरण हों। भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने मोदी के जन्मदिन पर 20 दिनों का ‘सेवा और समर्पण’ अभियान की शुरुआत की जो 7 अक्टूबर तक चलेगा। पार्टी इस दौरान मोदी के सार्वजनिक जीवन में दो दशक पूरा करने का भी जश्न मनाएगी। इसमें वह वक्त भी शामिल है जिस दौरान मोदी गुजरात के मुख्यमंत्री थे।