BY: एजेंसी
नई दिल्ली: तमिल के पॉपुलर एक्टर विवेक का शनिवार सुबह 59 साल की उम्र में निधन हो गया है। उन्हें हार्ट अटैक आने के बाद शुक्रवार को चैन्नई के एक प्राइवेट अस्पताल में भर्ती करवाया गया था। रिपोर्ट्स के मुताबिक विवेक ने सुबह 4.35 बजे अस्पताल में अंतिम सांस ली। विवेक के निधन के बाद तमिल फिल्म इंडस्ट्री में शोक की लहर है। उनके कई फैंस और फ्रेंड्स समेत सभी सोशल मीडिया पर पोस्ट शेयर कर उन्हें याद कर रहे हैं।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी सोशल मीडिया पर पोस्ट शेयर कर विवेक के निधन पर शोक व्यक्त किया है। उन्होंने लिखा, “जाने माने एक्टर विवेक के यूं चले जाने से कई लोग दुखी हैं। उनकी कॉमिक टाइमिंग और इंटेलिजेंट डायलॉग्स ने दर्शकों का मनोरंजन किया। उनकी फिल्मों और उनकी जिंदगी, दोनों में ही उन्होंने समाज और पर्यावरण को लेकर चिंता जताई थी। उनके परिवार, दोस्तों और प्रशंसकों के प्रति मेरी संवेदनाएं। ओम शांति।”
रिपोर्ट्स के मुताबिक, विवेक को घर पर दिल का दौरा पड़ा था। जिसके बाद उन्हें तुरंत ही वाडापलानी के SIMS अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उनके मेडिकल चेकअप में यह बात सामने आई थी कि उनके दिल में खून पहुंचाने वाले ब्लड वैसेल ब्लॉक हो गए हैं। रिपोर्ट में कहा गया है कि उन्हें डॉक्टर्स से ECMO ट्रीटमेंट मिल रहा था। वे ICU में डॉक्टर्स की निगरानी में थे।
डॉक्टरों के मुताबिक सीने में दर्द की शिकायत के बाद विवेक को अस्पताल लाया गया था। जबकि दर्द से वह अपने घर पर ही वे बेहोश हो गए थे। डॉक्टरों ने बताया कि उन्हें दिल का दौरा पड़ा था, जिसकी वजह से लेफ्ट कोरोनरी ब्लड वैसेल में 100% ब्लॉकेज हो गया था। साथ ही यह भी बताया जा रहा है कि विवेक ने दो दिन पहले गुरुवार को ओएमंदुरार के एक सरकारी अस्पताल में COVID-19 वैक्सीन का पहला डोज लगवाया था। वहीं लोगों ने यह अफवाह फैलाना चालू कर दिया था कि वैक्सीन के कारण ही विवेक को हार्ट अटैक आया है। हालांकि, डॉक्टरों ने बताया था कि विवेक की तबीयत खराब होने का कारण वैक्सीन नहीं है। विवेक की रिपोर्ट्स में यह भी बताया गया है कि वे कोरोना से संक्रमित भी नहीं पाए गए थे।
विवेक ने पहला डोज लगने के बाद सोशल मीडिया पर पोस्ट शेयर कर लोगों से वैक्सीन लगवाने की अपील भी की थी। उन्होंने कहा था, “वैक्सीन पूरी तरह से सेफ है और हॉस्पिटल में जाकर सभी इसे लगवा सकते हैं। विवेक ने प्राइवेट अस्पताल में जाने के बजाय सरकारी अस्पताल में जाकर वैक्सीन लगवाई थी और लोगों से भी ऐसा करने को कहा था। उन्होंने कहा था, “सरकारी अस्पताल तक लोगों की पहुंच ज्यादा होती है। और हम ये ना सोचें कि अगर हम वैक्सीन लगवा लेंगे तो बीमार नहीं पड़ेंगे, ध्यान तो हमें फिर भी रखना ही पड़ेगा। वैक्सीन इस बात के लिए हमें बस निश्चिंत कर सकती है कि इसे लगाने के बाद खतरा पहले से कम हो जाएगा।”
विवेक फिल्मों में अपनी कॉमेडी के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने 200 से ज्यादा फिल्मों में काम किया। रजनीकांत, कमल हासन, अजित, विजय, माधवन, विक्रम, धनुष जैसे कई सुपरस्टार्स के साथ भी विवेक ने कई शानदार फिल्में की हैं। माधवन की फिल्म ‘रन’ उनके लिए सबसे बड़ा ब्रेक साबित हुई थी। 2007 में रिलीज हुई रजनीकांत की ‘शिवाजी द बॉस’ में भी विवेक ने दमदार एक्टिंग की थी। इस फिल्म के बाद से वे देश भर में पॉपुलर भी हो गए थे।
सिनेमा में उनके योगदान के लिए सरकार ने उन्हें 2009 में पद्मश्री अवॉर्ड से नवाजा था। विवेक ने 1987 में ‘मनथिल उरुधि वेन्दुम’ से डेब्यू किया था। वे ‘नान थान बाला’ और ‘वेल्लई पूकल’ जैसी कई शानदार फिल्मों में लीड एक्टर भी रहे हैं। विवेक आखिरी बार 2020 में रिलीज हुई हरीश कल्याण स्टारर ‘धरला प्रभु’ में नजर आए थे। वे अपने पीछे अपनी पत्नी अरुलसेलवी और दो बच्चों को छोड़ गए हैं।